सिद्धार्थ नगर – तालाब में डूबने से एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत , मृतक श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र के लालपुर गांव का निवासी

महेन्द्र कुमार गौतम  

त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के अहिरौली पड़री गांव में शुक्रवार को तालाब में डूबने से एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के समय वह गांव के कुछ बच्चों के साथ तालाब में नहा रहा था। घटना को लेकर परिवारीजनों में कोहराम मचा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र के लालपुर गांव निवास बाबूलाल का 10 वर्षीय पुत्र सत्यम त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के अहिरौली पड़री गांव में अपने ननिहाल में एक मुंडन संस्कार में शमिल होने के लिए अपनी मां के साथ आया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर बाद सत्यम गांव के कुछ बच्चों के साथ गांव के तालाब में नहाने गया हुआ था।

जहां पर तालाब में नहाते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जाकर डूब गया। साथ गए बच्चों के शेर मचाने पर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचकर उसे बचाने की कोशिश करते तब तक पानी के अंदर दम घुटने से सत्यम की मौत हो गई। सूचना पर तहसीलदार इटवा देवेन्द्र मणि त्रिपाठी के साथ पहुंची त्रिलोकपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।

मामले में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर विजय शंकर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।