सूटकेस में मिली महिला की लाश से हड़कंप

Kapilvastupost

शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-9 दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हापुड़ नगर क्षेत्र स्थित बाईपास की नीचे सर्विस रोड पर एक सूटकेस में युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतका के मुंह और सिर पर चोट के निशान थे। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि गला दबाकर हत्या की गई है।

कोतवाली नगर इलाके के राष्ट्रीय राजमार्ग नौ पर बाईपास के नीचे एक कॉलेज को जाने वाले मार्ग पर लोगों शनिवार सुबह करीब 10 बजे एक लाल रंग का सूटकेस पड़ा देखा।

इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सीओ जितेंद्र शर्मा, थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

सूटकेस की जांच की तो उसमें कपड़ों के साथ करीब 25 वर्ष की युवती का शव मिला।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने मीडिया को बताया कि शव मिलने की सूचना आसपास के थानों को भेज दी गई है। मृतका की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रख मामले की जांच की जा रही है।