सिद्धार्थ नगर – डंपर के अचानक रुकने से पीछे से आ रही डी सी एम टकराई मौके पर दो की मौत पांच घायल

महेंद्र गौतम 

बांसी – शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के कटबंध गांव के पेट्रोल पंप के पास सोमवार तड़के एक डंपर के अचानक ब्रेक मार देने से पीछे से आ रही डीसीएम की उससे टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम के परखच्चे उड़ गए। इसमें डीसीएम में सवार सात में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पांच अन्य घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।

हालत गंभीर होने की वजह से उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पंजाब के अमृतसर से एक परिवार जो वहां पर काम धंधा कर रहा था वह वापस अपने गांव बांसी कोतवाली क्षेत्र के सोनखरी डीसीएम बुक कर उस पर सामान वगैरह लोड कर आ रहा था। डीसीएम पर ड्राइवर, खलासी सहित सात लोग सवार थे।

सोमवार तड़के डीसीएम शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के कटबंध गांव के पेट्रोल पंप के पास पहुंचा ही था कि आगे-आगे चल रहे डंपर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इससे डीसीएम की पीछे से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त रही कि डीसीएम के परखच्चे उड़ गए। उस पर आगे बैठे ड्राइवर राहुल पुत्र मेवा लाल निवासी खतौधन थाना डीह जिला रायबरेली व खलासी प्रदीप यादव (23) पुत्र राम शंकर निवासी सोनखरी थाना बांसी सिद्धार्थनगर की मौके पर मौत हो गई।

पीछे बैठे राम नरेश पुत्र उजागिर, दिनेश पुत्र उजागिर, सुशीला पत्नी दिनेश, गुड़िया पुत्री दिनेश व एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को डीसीएम से बाहर निकलवाया और सभी घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। घायलों की हालत नाजुक देख कर उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष शशांक सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों वाहन पुलिस के कब्जे में हैं।