सिद्धार्थ नगर – जीवन ज्योति सेवा संस्थान ट्रस्ट द्वारा डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में दो दिवसीय चिकित्सा शिविर का आयोजन
📅 Published on: February 11, 2025
kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जनस्वास्थ्य और सेवा भावना को समर्पित जीवन ज्योति सेवा संस्थान ट्रस्ट द्वारा डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर में दो दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन सिद्धार्थ नगर के संयुक्त तत्वाधान में लगाया गया | शिविर का उदघाटन वरिष्ठ अधिवक्ता गंगाराम पाण्डेय, व आर्थोपैडिक डॉ. विमल कुमार द्विवेदी ने किया। इस शिविर में सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई और उन्हें जरूरी परामर्श व दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं।
मुफ्त जांच और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम रही मौजूद
शिविर में वरिष्ठ चिकित्सकों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम डॉ.पारितोष सिंह, डॉ. अजीत राज निषाद, डॉ. अनीता द्विवेदी, डॉ.सौरभ गुप्त ने रक्तचाप, शुगर, ईसीजी, नेत्र परीक्षण, हड्डी रोग और सामान्य स्वास्थ्य जांच जैसी महत्वपूर्ण सेवाएँ दीं। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है|
अधिवक्ताओं और आमजन ने उठाया लाभ
चिकित्सा शिविर में जिला न्यायालय के अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम जनता ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में आए मरीजों ने संस्थान के इस प्रयास की सराहना की। कई लोगों ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में लंबी लाइन और महंगे इलाज के कारण वे स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते, लेकिन इस शिविर ने उन्हें मुफ्त में जरूरी चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराईं।
संस्थान का उद्देश्य – स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा
जीवन ज्योति सेवा संस्थान ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने बताया कि उनका संगठन ग्रामीण और पिछड़े इलाकों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों को चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। ट्रस्ट के अध्यक्ष ने कहा, “हमारा प्रयास है कि हर व्यक्ति को उचित स्वास्थ्य सुविधा मिले, चाहे वह किसी भी वर्ग या समाज से हो।”
आगे भी जारी रहेगा सेवा कार्य
संस्थान के संरक्षक डॉ विमल द्विवेदी ने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
इस अवसर पर अध्यक्ष इन्दु कुमार सिंह, महामंत्री दिव्य प्रकाश शुक्ल, प्रशान्त कुमार मिश्र, राजेश कुमार मिश्र, देवेन्द्र मणि त्रिपाठी, जय प्रकाश शुक्ल, संकटा पाण्डेय, रविशंकर तिवारी, सच्चिदानन्द झा, सालिक राम मिश्र आदि मौजूद रहे।
बताते चलें कि यह सेवा संस्थान मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था है जहाँ नर्सिंग , पैरा मेडिकल और फार्मेसी की शिक्षा बड़े पैमाने पर दी जाती है |



