विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया दहेज हत्या का आरोप

Kapilvastupost

शोहरतगढ़। चिल्हिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पल्टादेवी के टोला पिछवौरा में गुरुवार शाम एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति और अन्य पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

मृतका कविता (21) की शादी करीब 11 महीने पहले महराजगंज जिले के बृजमनगंज क्षेत्र के कोइलाडाड़ निवासी धनेश की पुत्री कविता का विवाह ग्राम पल्टादेवी के सूरज से हुआ था। सूरज गांव में ऑनलाइन सेंटर का संचालन करता है।

गुरुवार शाम सूरज की मां खेत से वापस घर लौटीं तो उन्होंने बहू को आवाज दी। काफी देर तक कोई जवाब न मिलने पर जब वह उसके कमरे के पास पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांककर देखने पर कविता का शव छत की कुंडी से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया।

शुक्रवार सुबह मृतका के पिता धनेश और माता प्रमिला चिल्हिया थाने पहुंचे और अपने दामाद सूरज तथा उसकी चाची पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इस संबंध में चिल्हिया थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर सूरज व उसकी चाची के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

 

Open chat
Join Kapil Vastu Post
04:00