📅 Published on: April 6, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर – मोहाना थाना क्षेत्र के भगवानपुर टोला चैनपुर निवासी 22 वर्षीय आभूषण व्यापारी सुनील वर्मा का अधजला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
सुनील वर्मा रामपुर चौराहे पर “सुनील आभूषण केंद्र” नाम से अपनी दुकान चलाते थे। परिजनों के अनुसार, वह शाम को किसी व्यक्ति के घर आभूषण दिखाने गए थे, जिसकी बात पहले फोन पर हुई थी। इसके बाद वह लौटकर नहीं आए। देर रात ही परिजनों ने मोहाना थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रात में ही सदर थाना क्षेत्र के परसोहिया बरगदवा के पास पुलिस को एक अधजला शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान सुनील वर्मा के रूप में की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच में जुट गई है।
स्थानीय लोगों में इस हृदयविदारक घटना को लेकर भारी रोष व भय का माहौल है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।