शोहरतगढ़: फायर स्टेशन की जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

Kapilvastupost

शोहरतगढ़ कस्बे से सटे दोहनी गांव में बुधवार को तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फायर स्टेशन की चिह्नित भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।

एसडीएम राहुल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दोहनी गांव में फायर स्टेशन के लिए सुरक्षित भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा था। जैसे ही प्रशासन को इसकी सूचना मिली, तत्काल राजस्व व फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिना देर किए अतिक्रमण हटवा दिया गया।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक व सरकारी संपत्तियों पर किसी भी हाल में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तहसील प्रशासन लगातार ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

एसडीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने से बचें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि फायर स्टेशन जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए चिन्हित जमीनों पर कब्जा करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आमजन की सुरक्षा से भी खिलवाड़ है।

प्रशासन की इस सख्ती से क्षेत्र में अन्य अवैध कब्जाधारियों में भी डर का माहौल देखा गया।

नेट इमेजेस