कूड़ा नदी में 15 घंटे की तलाश के बाद मिले दो सगे भाइयों के शव, गांव में मचा कोहराम – प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल
📅 Published on: May 11, 2025
गुरु जी की कलम से
सिद्धार्थ नगर। लोटन कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नेतवर निवासी दो सगे भाइयों की कूड़ा नदी में डूबने से मौत हो गई। लगभग 15 घंटे की अथक तलाश के बाद शनिवार को ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों के शव बरामद किए गए। शव मिलते ही गांव में कोहराम मच गया, और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर जमा हो गए।
मृतकों की पहचान जमाल अहमद (18) और शहीद उर्फ लाले (16) पुत्रगण फिरोज के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों भाई शुक्रवार को महादेवा बाजार स्थित एक शादी समारोह में मुर्गी सप्लाई का काम कर लौट रहे थे। रास्ते में कूड़ा नदी पार करते समय दोनों ने नहाने का निर्णय लिया। आशंका है कि कपड़ों में लगे मुर्गी मीट के खून व कचरे की वजह से वे नदी में नहाने उतर गए और गहरे पानी में चले जाने से डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों सहित भारी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की गई। लेकिन एनडीआरएफ और सरकारी गोताखोरों के समय से न पहुंचने पर लोगों में रोष देखा गया।
सांसद और प्रशासन ने लिया संज्ञान
सदर विधायक श्यामधनी राही ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी से मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम न कराने की सिफारिश की, जिसे मानते हुए शवों को सीधे परिजनों को सौंप दिया गया। साथ ही उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से दोनों मृतकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
स्थानीय लोगों में गुस्सा
घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। समय रहते राहत टीम की मौजूदगी न होने से लोग व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय पर सरकारी गोताखोर और बचाव दल पहुंचते, तो शायद जान बचाई जा सकती थी।


