📅 Published on: May 15, 2025
लगातार तीसरी वारदात, दो की मौत – क्या सुरक्षित हैं जिले के स्वर्ण व्यापारी?
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जिले में स्वर्ण व्यवसायियों पर हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते कुछ ही दिनों में तीन स्वर्ण व्यवसायियों को निशाना बनाया जा चुका है, जिनमें से दो ने अपनी जान गंवा दी। अब एक और ताजा मामला सामने आया है, जिसमें बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी पर हमला कर उसे लूट लिया।
बीती रात करीब 11 बजे उस्का बाजार थाना क्षेत्र के झारखंडी महदेवा के पास यह वारदात हुई। जानकारी के अनुसार, स्वर्ण व्यवसायी नौगढ़ से आभूषण लेकर अपने घर लेहड़ा लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। बदमाश न सिर्फ उसके कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए, बल्कि उसके सिर पर गंभीर चोटें भी आई हैं। बाइक की चाबी भी बदमाश ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। लगातार हो रही ऐसी वारदातों से स्वर्ण व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन यदि जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता, तो उन्हें काम बंद करने पर मजबूर होना पड़ेगा।