📅 Published on: May 21, 2025
रमेश कुमार यादव /बढ़नी
विकास खंड बढ़नी अंतर्गत ग्राम पंचायत भावपुर उर्फ गुलरी में मंगलवार को एनटीपीसी लिमिटेड के सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम (CSR) के तहत एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। इस मेडिकल कैंप में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा करीब 600 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें से 300 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।
शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के अलावा नेत्र, नाक, कान, गला, दांत और मधुमेह की भी जांच की गई। इस स्वास्थ्य मेले से ग्रामीणों को न सिर्फ उनके घर के पास ही उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं मिलीं, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ी।
कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता एवं नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार अग्रहरि, सांसद प्रतिनिधि सूर्य प्रकाश पाण्डेय, ग्राम प्रधान पुत्र महेश कुमार यादव, अनिल अग्रहरि, राकेश यादव, अमित मौर्य, तुलसीराम व हरिश्चंद्र समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जनता के हमदर्द हैं महेश यादव
इस कार्यक्रम की सफलता का बड़ा श्रेय ग्राम प्रधान महेश कुमार यादव को जाता है, जो अपने समर्पित कार्यों और जनसेवा की भावना से गांव के हर कोने तक विकास कार्यों को पहुंचा रहे हैं। महेश यादव का व्यक्तित्व एक ऐसे जनप्रतिनिधि का प्रतीक है, जो न केवल जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनते हैं, बल्कि गांव में ही उनके समाधान की ठोस व्यवस्था करते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में गली-गली तक पक्की सड़कें, साफ-सफाई, जलनिकासी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का उल्लेखनीय प्रयास किया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महेश यादव जैसे जनप्रतिनिधि ही असली ‘गांव का बेटा’ कहलाने योग्य हैं, जो दिन-रात गांव के हित के लिए कार्यरत रहते हैं।