खैर पब्लिक स्कूल में प्रतिभाओं का सम्मान, टॉपर्स को मिला नगद पुरस्कार और दो साल की फीस माफी

Nizam Ansari 

सिद्धार्थनगर। सीबीएसई पैटर्न पर संचालित खैर पब्लिक स्कूल, जिला मुख्यालय सिद्धार्थनगर में गुरुवार को एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर स्कूल के टॉपर छात्रों को सम्मानित किया गया। अपने-अपने कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र और नगद पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि खैर सोसाइटी के उप प्रबंधक एवं खैर टेक्निकल सोसाइटी, आईटीआईई डुमरियागंज के डायरेक्टर इंजीनियर इर्शाद अहमद रहे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी पहलें विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं और उन्हें उत्कृष्टता की ओर प्रोत्साहित करती हैं।

इस दौरान विद्यालय प्रबंधन ने कक्षा 10 में अध्ययनरत छात्रों के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की आगामी दो वर्ष की पूरी फीस माफ करने का ऐलान किया। इससे छात्रों और अभिभावकों में काफी उत्साह देखने को मिला।

खास तौर पर कक्षा 12 में विज्ञान संकाय में जिले में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र मोहम्मद उमेर मेंकरानी को विशेष सम्मानित किया गया। वहीं, कक्षा 10 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा दिया वर्मा को विशेष पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की सभी अभिभावकों एवं शिक्षकों ने सराहना की और उम्मीद जताई कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्रों की प्रतिभा को नई दिशा मिलेगी।