बढ़नी – ढेकहरी बुजुर्ग से बैरिया तक जर्जर सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, विरोध प्रदर्शन जारी

रमेश कुमार यादव

बैरिया, बलिया: देकहरी बुजुर्ग से बैरिया तक जाने वाली प्रमुख सड़क की जर्जर हालत को लेकर सोमवार को स्थानीय ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सड़क की खस्ता हालत को लेकर वर्षों से उपेक्षा झेल रहे ग्रामीणों का धैर्य अब टूटता नजर आ रहा है।

गांव के सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण मोहन उर्फ नान मुन ने बताया कि यह सड़क लगभग पंद्रह वर्षों से खराब हालत में है, जिसे पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बनाया गया था। अब इसकी स्थिति पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर विधायक विनय वर्मा और सांसद से कई बार मुलाकात की गई और लिखित व मौखिक रूप से मांग भी की गई। परंतु, आश्वासन के बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा है, जो दर्जनों गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ती है। सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, विशेषकर बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं।

प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।