📅 Published on: May 23, 2025
Kapilvastupost सिद्धार्थनगर।
एसओजी, सर्विलांस टीम और उस्का बाजार पुलिस ने संयुक्त अभियान में 14 मई की रात स्वर्ण व्यवसायी से हुई लूट का खुलासा कर दिया है। बुधवार रात पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से सोने की चेन, चांदी का ब्रासलेट, एक अंगूठी, 2,270 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद हुई है।
एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने गुरुवार को कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि लूट की यह घटना उस्का बाजार थाना क्षेत्र के महदेवा गांव के पास घटी थी, जिसमें एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाया गया था। केस दर्ज होते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई थी।
बुधवार की रात पकड़ी चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी सफेद कार से नौगढ़ की ओर बढ़ रहे हैं। टीम ने दुमदुमवा मोड़ के पास घेराबंदी की। कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन से तीन आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार में मौजूद एक व्यक्ति को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल भंगू पुत्र हरदीप सिंह भंगू, निवासी लोहरा ब्रिज मोहल्ला बेगुआना लोहोरा, थाना ढाबा, जिला लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उन्होंने महदेवा गांव के पास लूट की वारदात को अंजाम दिया था। उसने बताया कि गाड़ी के टकरा जाने के कारण वह भाग नहीं सका।
पुलिस ने आरोपी के पास से लूटे गए जेवरात, नकदी और कार बरामद की है। एसपी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।