📅 Published on: May 25, 2025
Kapilvastupost
उसका बाजार, सिद्धार्थनगर।
स्थानीय थाना क्षेत्र के भिटिया स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार की भोर एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की मालगाड़ी से कटकर मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रदीप यादव पुत्र राममुकुट यादव, निवासी ग्राम पंचायत बरगदवा टोला अगया, थाना सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। वह अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होने भिटिया गांव आया था।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को प्रदीप के छोटे भाई अमित यादव (22) की शादी भिटिया गांव निवासी रामभवन की बेटी अंजू यादव से हुई थी। प्रदीप शादी में पूरी खुशी और उत्साह से शामिल हुआ था और रस्मों में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
शनिवार की सुबह लगभग साढ़े चार बजे प्रदीप जनवासा से शौच के लिए निकला और तभी गोरखपुर से गोंडा की ओर जा रही एक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने ट्रेन की आवाज और घटना की जानकारी दी, जिसके बाद घराती और बाराती घटनास्थल पर पहुंचे। रेलवे ट्रैक पर प्रदीप का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरिकृष्ण उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मृतक के बड़े भाई मनोज यादव की तहरीर पर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस असामयिक घटना से शादी वाले दोनों परिवारों में मातम पसर गया है। खुशियों भरे माहौल में आई इस अनहोनी ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।