शासकीय तालाबों की मिट्टी पर माफियाओं का कब्जा! भरवालिया में खुलेआम अवैध खनन, वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप

Kapilvastupost

बर्डपुर, सिद्धार्थनगर।
ग्राम पंचायत भरवालिया में स्थित कई शासकीय तालाबों से अवैध रूप से मिट्टी निकालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पंचायत से बिना किसी अनुमति के इन तालाबों की खुदाई की जा रही है। यह कार्य प्रशासनिक नियमों और शासन के निर्देशों की खुली धज्जियां उड़ाते हुए बीते सप्ताह से लगातार जारी है।

मामला तब सुर्खियों में आया जब एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें भरवालिया ग्राम सभा के टोला रक्सेल के उत्तर दिशा में स्थित तालाब से रात 1 बजे से सुबह 6 बजे तक मिट्टी निकालने की गतिविधि साफ नजर आ रही है। मिट्टी खनन कर उसे गौरी रोड किनारे, खेतों व भवन निर्माण स्थलों पर गिराया जा रहा है। आरोप है कि इस कार्य में स्थानीय स्तर पर एक मनबढ़ युवक की अहम भूमिका है, जो प्रशासन की मिलीभगत या मौन स्वीकृति से यह अवैध धंधा चला रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार भरवालिया ग्राम पंचायत के कार्बलहिया तालाब, पंचायत भवन वाला पोखरा, पश्चिम धोबहिया, भटौली, और जमुहवा गड्ढे से भी रात के अंधेरे में मिट्टी निकाली जाती है।

प्रशासनिक चुप्पी भी सवालों के घेरे में
इस मुद्दे पर जब खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) विजय सिंह से बात की गई तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि यह मामला उनके कार्यक्षेत्र में नहीं आता। वहीं एसडीएम शोहरतगढ़ से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन बातचीत नहीं हो सकी।

नियमों का सीधा उल्लंघन
गौरतलब है कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि शासकीय तालाबों की खुदाई मशीनों से नहीं की जा सकती और यदि गहरीकरण की आवश्यकता हो तो उसे मनरेगा योजना के तहत ही कराया जाए। लेकिन यहां मिट्टी माफिया नियम-कानूनों को ठेंगा दिखाते हुए खुलेआम खुदाई कर सरकारी संपत्ति का दोहन कर रहे हैं, और पंचायत प्रतिनिधि चुप्पी साधे बैठे हैं।

अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस वायरल वीडियो को गंभीरता से लेकर कोई सख्त कदम उठाएगा या फिर एक बार फिर फाइलों में दब जाएगा यह अवैध खनन का मामला।