स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात: बढ़नी पीएचसी को मिला सीएचसी का दर्जा, शासनादेश जारी

गुरु जी की कलम से

बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
विधानसभा क्षेत्र शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा के प्रयास रंग लाए। बढ़नी ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के रूप में उन्नत किया गया है। शासन ने इसकी औपचारिक स्वीकृति देते हुए शासनादेश जारी कर दिया है।

विधायक विनय वर्मा ने बताया कि आज़ादी के बाद बने इस केंद्र में पहले केवल 4 बिस्तरों की सुविधा थी, लेकिन उनके अथक प्रयासों से अब यह 50 बेड का अस्पताल बन गया है। उन्होंने इसे स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि करार देते हुए कहा कि यह न सिर्फ क्षेत्र की जनता से किए गए वादों की पूर्ति है, बल्कि सीमावर्ती नेपाल के नागरिकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा, “मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में हमारे क्षेत्र के वादे अब कागज़ से निकलकर ज़मीन पर उतर रहे हैं। यह हमारे लिए गर्व और खुशी का विषय है।”

स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
शासनादेश जारी होने की खबर मिलते ही कस्बा बढ़नी में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने मिठाइयां बांटीं और विधायक विनय वर्मा को बधाई दी। इस मौके पर प्रदीप कमलापुरी, जफ्फू, चंदी बाबा, संजय मित्तल, विक्की अग्रहरि, दुर्गेश पांडे समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।