बढ़नी में निकला नशा विरोधी जागरूकता जुलूस, एसएसबी जवानों ने दिया संदेश – नशा जीवन बर्बाद करता है

नशा छोड़ें, जीवन संवारें — यही है अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस का उद्देश्य।

गुरु जी की कलम से

बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर बुधवार को आदर्श नगर पंचायत बढ़नी में एसएसबी (SSB) जवानों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसानों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान जवानों ने नारेबाजी करते हुए नगर का भ्रमण किया और लोगों से नशा छोड़ने की अपील की।

एसएसबी जवानों ने लोगों को बताया कि हर साल 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस मनाया जाता है। नशा चाहे किसी भी रूप में हो, यह व्यक्ति की सेहत, भविष्य और सामाजिक जीवन के लिए घातक साबित होता है। जवानों ने कहा कि आज दुनियाभर के लाखों युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे न सिर्फ उनका कैरियर और स्वास्थ्य बर्बाद होता है, बल्कि मानसिक और आर्थिक शोषण भी होता है।

बच्चे भी नशे की चपेट में
जवानों ने कहा कि आज सिर्फ युवा ही नहीं, फुटपाथ और रेलवे प्लेटफॉर्म पर रहने वाले मासूम बच्चे भी नशे के शिकार हो रहे हैं। खाने को पैसा न होने के बावजूद बच्चे व्हाइटनर, नेल पॉलिश, पेट्रोल, विक्स, झंडु बाम जैसी चीजों का सेवन कर खुद को नुकसान पहुँचा रहे हैं, जो बेहद खतरनाक है।

एसएसबी जवानों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नशे के दुष्परिणामों को समझें और समाज में इस बुराई को खत्म करने के लिए मिलकर काम करें। नशा न केवल व्यक्ति का जीवन बर्बाद करता है, बल्कि परिवार और समाज की खुशहाली पर भी प्रभाव डालता है।