📅 Published on: July 3, 2025
लक्ष्मी देवी ने अधिकारियों से परिवार की सुरक्षा के साथ ही बहु के शकुशल वापसी की करी मांग
Kapilvastupost
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।
क्षेत्र के बढ़नी कस्बे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह कर चुकी गर्भवती युवती को उसके मायके पक्ष द्वारा जबरन उठाकर ले जाने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष ने शोहरतगढ़ उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बढ़नी निवासी लक्ष्मी देवी पत्नी ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि उनके पुत्र राजकुमार (उम्र लगभग 24 वर्ष) ने अपने पड़ोस में रहने वाली बालिग युवती प्रियंका पुत्री के०के० पाण्डेय से आपसी सहमति एवं हिंदू रीति-रिवाज के तहत विवाह किया था। इस विवाह का विधिवत पंजीकरण उप निबंधक कार्यालय में 31 मार्च 2025 को कराया गया था। दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे और युवती लगभग पांच माह की गर्भवती है।
लक्ष्मी देवी के अनुसार, 2 जुलाई 2025 को सुबह करीब 10 बजे लड़की के पिता के०के० पाण्डेय, उनकी पत्नी, ओम प्रकाश, कौशल तथा दो अज्ञात महिलाएं जबरन उनके घर में घुस आए और उनकी बहू प्रियंका को उठा ले गए। इस घटना की सूचना स्थानीय ढेबरूआ थाने पर देने के बावजूद अभी तक युवती का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पीड़िता लक्ष्मी देवी ने आशंका जताई है कि युवती व उनके पुत्र राजकुमार के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उन्होंने अधिकारियों से मांग की है कि लड़की के पिता के०के० पाण्डेय, उनके भाई, पुत्र, पत्नी व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उनकी बहू को सकुशल घर वापस लाया जाए।
लक्ष्मी देवी ने घटना से संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बारा से जारी गर्भावस्था संबंधी दस्तावेज़ व विवाह प्रमाण पत्र की प्रति भी संलग्न करते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।