डीएम-एसपी के नेतृत्व में शोहरतगढ़ और बढ़नी में फ्लैग मार्च, नई परंपरा पर रोक की सख्त चेतावनी, कस्बों में दिखा सुरक्षा का व्यापक इंतजाम

Team kapilvastupost

सिद्धार्थनगर।
जिले में मोहर्रम, श्रावण मास व अन्य पर्वों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। बुधवार शाम जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर शोहरतगढ़ व बढ़नी कस्बे में पुलिस-प्रशासन ने फ्लैग मार्च कर शांति व्यवस्था का संदेश दिया। अधिकारियों ने साफ किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की नई परंपरा की इजाजत नहीं दी जाएगी, उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई होगी।

शोहरतगढ़ में पैदल मार्च, नई परंपरा पर रोक की चेतावनी
शोहरतगढ़ कस्बे में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, एसडीएम राहुल सिंह, क्षेत्राधिकारी सुजीत कुमार राय व थाना प्रभारी बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पैदल मार्च किया। यह मार्च थाना परिसर से शुरू होकर गोलघर, मस्जिद तिराहा, हलीम उस्ताद गली, इक्कावान तिराहा होते हुए पुलिस बूथ तक पहुंचा। अधिकारियों ने लोगों से संवाद कर सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

एएसपी प्रशांत कुमार ने कहा कि ताजिया का आकार छोटा रखा जाए ताकि जुलूस के दौरान यातायात बाधित न हो। कोई भी व्यक्ति माहौल बिगाड़ने या सुरक्षा में बाधा डालने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीओ सुजीत कुमार राय ने बताया कि गुरुवार रात सतई का जुलूस निकलेगा, जिसके लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर रहेगी। एसडीएम राहुल सिंह ने क्षेत्रवासियों से प्रशासन का सहयोग कर त्योहारों को शांतिपूर्वक मनाने की अपील की।

बढ़नी कस्बे में डीएम-एसपी की मौजूदगी में फ्लैग मार्च, व्यापारियों से संवाद
इसी क्रम में ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद, सीओ सुजीत कुमार राय, ढेबरुआ पुलिस, एसएसबी के जवान व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस-प्रशासन की टीम ने बढ़नी कस्बे के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा का एहसास कराया। पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों व संभ्रांत नागरिकों से संवाद स्थापित कर शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का आग्रह किया। साथ ही त्योहारों को मिल-जुलकर सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की गई।

जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
प्रशासन की इस सख्ती व सक्रियता से दोनों कस्बों में लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास का माहौल बना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मोहर्रम, श्रावण मास व अन्य आयोजनों के दौरान पुलिस लगातार निगरानी रखेगी।