📅 Published on: July 12, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर, इटवा। ग्राम सभा कनकटी में संचालित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर बड़ी अनियमितता सामने आई है। तहसीलदार इटवा देवेंद्र मणि त्रिपाठी ने मौके पर छापा मारकर दुकान पर हो रही गड़बड़ियों का खुलासा किया। बताया गया कि कोटेदार की जगह एक अन्य व्यक्ति दुकान चला रहा था और सरकारी अनाज को निजी दुकानों में बेचने के लिए अन्य बोरियों में भरा जा रहा था। छापेमारी के दौरान रंगे हाथों चार लोग सरकारी बोरी से अनाज निकालकर दूसरी बोरियों में भरते पकड़े गए। जांच में दुकान पर तय सीमा से अधिक मात्रा में अनाज भी मिला, जिससे अनियमितता और स्पष्ट हो गई। तहसीलदार के साथ लेखपाल अजय चौरसिया, पन्ना लाल यादव, अभिषेक यादव और खाद्य रसद विभाग के अधिकारी अखिलेश्वर प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान कोटेदार मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने कोटेदार के पुत्र और एक पिकअप गाड़ी को कब्जे में लिया है। यह दुकान मिश्रोलिया थाना क्षेत्र के चौतारा चौकी के अंतर्गत आती है। तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य कोटेदारों में हड़कंप मच गया है और ईमानदारी से वितरण को लेकर प्रशासन की सख्ती का संदेश गया है।