बढ़नी रेलवे स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण, जल्द बदलने वाला है स्टेशन का स्वरूप

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। बढ़नी रेलवे स्टेशन को जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। गुरुवार को गोरखपुर रेल मंडल के डीआरएम (मंडल रेल प्रबंधक) गोरा अमरलाल ने वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन की स्वच्छता, यात्री सुविधाएं, पारिस्थितिकी व्यवस्था, जल निकासी, यात्री प्रतीक्षालय सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीआरएम ने बढ़नी रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे स्टेशन के रूप में देखा। इस दौरान उन्होंने बताया कि बढ़नी स्टेशन पर आने वाले कुछ महीनों में बड़े परिवर्तन दिखाई देंगे। यहां जल्द ही नया प्लेटफार्म, शेड, बुकिंग हॉल, पीने के पानी की सुविधा और सोलर सिस्टम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख रूप से मंडल वाणिज्य प्रबंधक ए के सुमन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुरुद्ध श्रीवास्तव, स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार यादव सहित कई अन्य अधिकारी और रेलवे कर्मचारी मौजूद रहे। नगर पंचायत ने स्टेशन के पास बनने वाले हॉल को लेकर सहमति भी प्रदान की।

डीआरएम ने यह भी स्पष्ट किया कि स्टेशन क्षेत्र में सुधार कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाएगा, ताकि यात्रियों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराई जा सके।

बताते चलें कि बढ़नी रेलवे स्टेशन का यह निरीक्षण आगामी बदलावों की ओर इशारा करता है। आने वाले समय में बढ़नी स्टेशन एक आधुनिक और सुविधाजनक स्टेशन के रूप में उभरेगा, जिससे क्षेत्रीय यात्रियों को काफी लाभ होगा।