बाइक से ननिहाल जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, अस्पताल में हुई मौत — गांव में पसरा मातम

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकहरा कोहड़ा गांव निवासी एक 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। गुरुवार शाम को बाइक से ननिहाल जा रहे वलीउल्लाह पुत्र अली चौधरी को गैंड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के मुजेहना चौराहे के पास किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को उतरौला स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान होने पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और उनके समक्ष पंचनामा भरकर शव सौंप दिया। शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। युवक की मां का रो-रोकर बुरा हाल था, बार-बार बेहोश हो जा रही थीं।

शुक्रवार को जुमा नमाज के बाद वलीउल्लाह का अंतिम संस्कार गांव के कब्रिस्तान में किया गया। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और माहौल गमगीन हो गया।

गैंड़ास बुजुर्ग थानाध्यक्ष राजीव कुमार मिश्र ने बताया कि वे घटना के समय थाने से बाहर थे, लेकिन पुलिस टीम द्वारा नियमानुसार पंचनामा भर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

काल्पनिक फोटो