जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर का औचक निरीक्षण: शोहरतगढ़ के छतहरी प्राथमिक विद्यालय में मिली कई खामियां, प्रधानाध्यापक को प्रतिकूल प्रविष्टि व शिक्षकों से मांगा स्पष्टीकरण

Kapilvastupost

शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने के क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने शुक्रवार को विकास खंड शोहरतगढ़ के प्राथमिक विद्यालय छतहरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्तरों पर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को कड़ी चेतावनी दी है।

निरीक्षण में पाया गया कि विद्यालय में 150 नामांकित छात्रों के सापेक्ष केवल 99 छात्र उपस्थित थे। हालांकि स्मार्ट क्लास चल रही थी, लेकिन प्रधानाध्यापक सीसीएल पर अनुपस्थित रहीं। वहीं, सहायक अध्यापक सपना रानी बीआरसी पर बैठक में शामिल होने गई थीं। शिक्षा मित्र रेखा पांडेय एवं बजरंगी उपस्थित थे, लेकिन बजरंगी सामान्य गणवेश में नहीं थे, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई और उनका वेतन बाधित करने व स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।

शौचालय के बंद पाए जाने पर प्रधानाध्यापक को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश दिया गया। इसके साथ ही, डीएम ने स्कूल समय में बीआरसी पर बैठक के लिए शिक्षकों को बुलाने पर बीईओ शोहरतगढ़ संजय कुमार से स्पष्टीकरण मांगा।

निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जवाब संतोषजनक न होने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई तय मानी जाएगी।

बताते चलें कि इस औचक निरीक्षण से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य विद्यालयों के लिए यह एक सख्त संदेश भी है।