पेड़ारी में बड़ी कामयाबी: खेसरहा पुलिस ने चोरी के बर्तन के साथ तीन शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, नेपाल में बेचते थे माल

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। खेसरहा थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार की देर रात खेसरहा पुलिस ने तीन शातिर चोरों को चोरी के भारी मात्रा में बर्तनों के साथ गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो सगे भाई शामिल हैं जिनका लंबा आपराधिक इतिहास है। पकड़े गए आरोपित चोरी का माल नेपाल में बेचने का काम करते थे।

रविवार को पुलिस लाइंस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रशांत कुमार प्रसाद ने बताया कि खेसरहा क्षेत्र में सेंधमारी व चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर पुलिस की एक टीम लगातार सक्रिय थी। इसी क्रम में शनिवार देर रात थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ पेड़ारी कस्बे में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि महुलानी में हुई चोरी की घटना में शामिल तीन आरोपी बन्हौली जाने वाले मार्ग पर मौजूद हैं।

सूचना पाते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान महुलानी निवासी बदरी विशाल मिश्र उर्फ खलनायक, आदित्य मिश्र पुत्र अमरपाल मिश्र (सगे भाई) और भेढ़ौआ निवासी गोविंद पुत्र स्व. लाल बहादुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से भारी संख्या में चोरी के बर्तन बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित गैंग के सदस्य हैं, जिसका सरगना बदरी विशाल मिश्र है। ये लोग चोरी का कीमती सामान नेपाल ले जाकर बेचते हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बदरी विशाल मिश्र पर खेसरहा थाने में 4 व आदित्य मिश्र पर 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल रहे :
एसआई अनूप कुमार मिश्र (थानाध्यक्ष खेसरहा),
एसआई नंदलाल यादव (चौकी प्रभारी सकारपार), एसआई राकेश त्रिपाठी, राघवेंद्र प्रताप यादव, आरक्षी अंकुर राय, अखिलेश कुमार, रिकेश यादव,
स्वंयम्बर सिंह और अखिलेश सिंह।

खेसरहा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में राहत की सांस है और यह संदेश गया है कि अपराध करने वाले कानून के शिकंजे से नहीं बच सकते।