📅 Published on: August 8, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर, 08 अगस्त 2025: रक्षाबंधन के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर बांसी थाना परिसर में एक भावुक और प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। थानाक्षेत्र बांसी के प्राथमिक विद्यालय और लोटन की छात्राएं अपने छोटे-छोटे हाथों में राखी और मिठाई लेकर थाना परिसर पहुंचीं, जहां उन्होंने तैनात पुलिसकर्मियों की कलाई पर स्नेह और विश्वास का प्रतीक ‘राखी’ बांधी।
राखी बांधते समय नन्हीं छात्राओं के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था, वहीं पुलिसकर्मी भी इस अनोखे प्रेम और सम्मान को पाकर भावुक नजर आए। प्रभारी निरीक्षक बांसी संतोष कुमार तिवारी ने सभी छात्राओं को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आश्वासन दिया कि पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए तत्पर रहेगी।
उन्होंने कहा, “आज आप सभी ने हमें अपने भाई के रूप में स्वीकार किया है। हम यह वचन देते हैं कि चाहे स्कूल जाना हो, घर लौटना हो या किसी भी परिस्थिति में मदद की जरूरत पड़े, बांसी पुलिस हमेशा आपके साथ खड़ी रहेगी।”
इस अवसर पर थाना परिसर लोटन और बांसी में एक सौहार्दपूर्ण माहौल रहा। छात्राओं ने मिठाई खिलाकर पर्व की मिठास बढ़ाई, जबकि पुलिसकर्मियों ने उन्हें चॉकलेट और पेन भेंट किए। इस कार्यक्रम से न सिर्फ रक्षाबंधन का महत्व उजागर हुआ, बल्कि ‘पुलिस और जनता के बीच भरोसे के रिश्ते’ को भी और मजबूती मिली।