एसएसबी और ढेबरूआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 52.09 ग्राम स्मैक, नकदी व कार के साथ चार गिरफ्तार

गुरु जी की कलम से

बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
ढेबरूआ पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को 52.09 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन, 20,470 रुपये भारतीय मुद्रा, 945 रुपये नेपाली मुद्रा और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया।

रविवार को थाना ढेबरूआ में आयोजित प्रेसवार्ता में क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार प्रसाद ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह के नेतृत्व में चौकी प्रभारी बढ़नी अनिरुद्ध सिंह, पुलिस बल और 50वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम मलगहिया मोड़ पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में तीन पुरुष और एक महिला सवार थे।

तलाशी में संजय गुप्ता से 10.28 ग्राम स्मैक और एक एंड्रॉयड मोबाइल, उनकी पत्नी अर्चना गुप्ता से 12.54 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल और नकदी, दद्दु सोनकर से 9.97 ग्राम स्मैक तथा जलील से 10.27 ग्राम स्मैक बरामद हुई। वहीं, कार से 9.03 ग्राम स्मैक भी मिली।

गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ थाना ढेबरूआ में मुकदमा संख्या 135/2025, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मथन सिंह, किशोर गिरी, एसएसबी के अदनान शेख, गुजन कुमार, विशाल गौड़, मनीष चौधरी, पंचम यादव, राजन सिंह, शंकर लाल और महिला कांस्टेबल मीरा रानी आदि शामिल रहे।