📅 Published on: August 12, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में नगर पंचायत बढ़नी के अध्यक्ष सुनील अग्रहरि के नेतृत्व में सोमवार को नेशनल हाईवे-730 के ढेबरूआ तिराहे से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा कोतवाली ढेबरूआ मुख्यालय से शुरू होकर अमन चौराहा होते हुए नगर पंचायत बढ़नी कार्यालय पर जाकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। भारी संख्या में मोटरसाइकिलों पर सवार लोग हाथों में तिरंगा थामे उत्साह के साथ सड़कों पर निकले।
प्रतिभागियों ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है, जिसे ऊंचा लहराना हर भारतवासी का कर्तव्य है। इस यात्रा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रभात तिवारी, योगेंद्र तिवारी (मंडल अध्यक्ष), अनिल अग्रहरि, रहीश खां सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने कहा —
तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम और शहीदों की कुर्बानी का अमर प्रतीक है। आज की यह यात्रा यह साबित करती है कि हम सब मिलकर देश की अखंडता, एकता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर हैं।