📅 Published on: August 12, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
क्षेत्र में किसानों के लिए यूरिया की किल्लत के बीच जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने खाद तस्करी और अवैध भंडारण के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। सोमवार को डीएम ने किसान कृषि सेवा केंद्र, बैरिहवा सिद्धार्थनगर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण में स्टॉक रजिस्टर और वितरण रजिस्टर का मिलान करने पर 598 बोरी के सापेक्ष 150 बोरी यूरिया कम पाई गई। मौके पर जिलाधिकारी ने दुकान को सील कराने और लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित दुकानदार पर एफआईआर दर्ज कराने का आदेश भी मातहतों को दिया।
सूत्रों के अनुसार, इन दिनों यूरिया की तस्करी जोरों पर है और बड़ी मात्रा में खाद नेपाल भेजी जा रही है, जिसके चलते जिले में किल्लत बढ़ गई है। डीएम ने स्पष्ट किया कि किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए ऐसे माफियाओं के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।