2027 के चुनाव से पहले अनिल चौधरी और अनुप्रिया पटेल की अहम रणनीतिक मुलाकात

kapilvastupost 

दिल्ली/सिद्धार्थनगर।
2027 के चुनावी माहौल में सोमवार को दिल्ली में हुई शोहरतगढ़ निवासी अपना दल शिक्षक प्रकोष्ट के प्रदेश सचिव अनिल चौधरी और केंद्रीय मंत्री एवं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल की मुलाकात सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। माना जा रहा है कि यह मुलाकात न केवल औपचारिक थी बल्कि आने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीति तय करने और शोहरतगढ़ विधानसभा सीट को लेकर विशेष चर्चा भी थी।

कार्यक्रम के दौरान अनुप्रिया पटेल ने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर जोर देते हुए कहा कि “हमारे कार्यकर्ता हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं, जिन्होंने हर मुश्किल वक्त में पार्टी का झंडा ऊंचा रखा है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं को हर समय सतर्क रहने और साजिशों से बचने की नसीहत दी।

उन्होंने याद किया कि 2012 में वाराणसी से चुनावी सफर की शुरुआत के बाद से पार्टी ने लगातार मजबूती पाई है। पिछले 2–3 विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में अपना दल (एस) ने जिस तेजी से विस्तार किया है, उसने विपक्ष की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सोनलाल पटेल को याद करते हुए अनुप्रिया पटेल भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, “डॉक्टर साहब के जाने के बाद लाखों कार्यकर्ताओं ने जिस तरह हमारा साथ दिया, वह कभी भुलाया नहीं जा सकता। संगठन को बनाना और बढ़ाना कार्यकर्ताओं की ही बदौलत संभव हुआ है।”

उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के चुनाव में एकजुटता और मेहनत के दम पर जीत निश्चित होगी। अनुप्रिया पटेल ने कहा, “हमारे पास मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और साफ नीयत है, और यही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है।”

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुलाकात आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए एक तरह का रोडमैप तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम है, जिससे क्षेत्र में पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी।