📅 Published on: September 6, 2025
Kapilvastupost
भवानीगंज थाना क्षेत्र के भिटौरा स्थित एक विदेशी मदिरा और बीयर की दुकान में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे दुकान के मुनीम का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका हुआ मिला। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के कोल्हुई गांव निवासी सुजीत कुमार (26) पुत्र श्रीराम शर्मा के रूप में हुई है, जो भिटौरा में कंपोजिट शराब की दुकान में मुनीम का काम करता था।
जैसे ही यह खबर फैली, मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस को सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पंखे से नीचे उतरवाया।
भाई ने लगाया हत्या और साजिश का आरोप
इस बीच, मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और हत्या का आरोप लगाते हुए आक्रोशित हो गए। मृतक के बड़े भाई प्रभु शर्मा ने पुलिस को लिखित तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके भाई की हत्या कर दी गई है और शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि सुजीत के साथ शोहरतगढ़ थाने का एक युवक भी रहता था, और उन्होंने उसी पर हत्या का आरोप लगाया है। इसके अलावा, उन्होंने इस घटना में दुकान मालिक की संलिप्तता का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने बताया कि मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।