📅 Published on: October 1, 2025
गुरु जी की कलम से
सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश। सिद्धार्थनगर जनपद के मिश्रौलिया थानाक्षेत्र के बैजनथा गांव में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां आम के पेड़ से 20 वर्षीय युवक सनीदेवल की लाश लटकती मिली। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही मिश्रौलिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मानकर तफ्तीश कर रही है, लेकिन मृतक के परिजनों ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों का आरोप: पीटकर मार डाला, फिर फंदे पर लटकाया
मृतक सनीदेवल की मां और पड़ोसी महिला के अनुसार, गांव के ही एक परिवार ने उनके पुत्र की हत्या की है। मां ने पुलिस को बताया कि रात में जब वह अपने पुत्र के साथ सो रही थीं, तभी गांव का एक व्यक्ति आया। उस व्यक्ति ने दावा किया कि उनके घर में घुसे चोर की कद-काठी सनीदेवल से मिलती है। यह कहकर, वह सनीदेवल को जबरन जगाकर पीटते हुए अपने साथ ले गया।
परिजनों ने रात भर युवक की तलाश की, लेकिन सुबह उसकी लाश गांव के बगीचे में आम के पेड़ से लटकती मिली। परिजनों का आरोप है कि हत्या करने के बाद साड़ी के किनारे का फंदा बनाकर उसे पेड़ से लटकाया गया। पुलिस को साड़ी का बाकी हिस्सा बाग में बनी एक झोपड़ी से मिला है।
पुलिस का बयान और चोरों की दहशत
इस मामले में पुलिस का कहना है कि वे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट और परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि वर्तमान में जिले भर में चोरी की घटनाओं को लेकर दहशत का माहौल है और अक्सर कहीं न कहीं से चोरी या चोरों के आने की सूचनाएं आती रहती हैं। पुलिस अब हत्या या आत्महत्या के बीच उलझे इस मामले की गहनता से जांच में जुट गई है।