📅 Published on: October 4, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दो अलग-अलग गांवों से वृद्ध व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की खबरें सामने आने से सनसनी फैल गई है। एक मामले में 70 वर्षीय तुलसीराम निषाद की मौत के बाद उनके बेटे पर हाथ-पैर बांधने के आरोप से गांव में हलचल है, वहीं दूसरे मामले में 12 दिनों से लापता 75 वर्षीय हीरा का शव नाले से कंकालनुमा ढांचे के रूप में बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामलों की गहन जांच जारी है।
सन्दिग्ध मौत: शराब विवाद के बाद गिरे वृद्ध, बेटे पर लगे गंभीर आरोप
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मिट्ठूवनिया गांव में शुक्रवार की रात 70 वर्षीय तुलसीराम निषाद की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई। जानकारी के अनुसार, तुलसीराम रोज़ की तरह शराब पीकर घर लौटे और नशे की हालत में गाली-गलौज करने लगे। जब उनकी बहू ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो वे नाराज़ होकर घर से निकलकर बंधे की ओर चले गए।
परिवार का कहना है कि बारिश और फिसलन के कारण वे गिर पड़े, जिसके बाद परिजन उन्हें घर लाकर लिटाया, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
आरोपों से गांव में हलचल:
मौत के बाद गांव में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ ग्रामीण आरोप लगा रहे हैं कि मृतक के बेटे ने उनके हाथ-पैर बांध रखे थे, जबकि अन्य लोग इन आरोपों को दुश्मनीवश फैलाई जा रही बातें बता रहे हैं। मृतक के छोटे बेटे विजय पाल निषाद ने इस संबंध में ढेबरुआ थाने में तहरीर दी है। गांव वालों का यह भी कहना है कि तुलसीराम अक्सर शराब पीकर घर में विवाद करते थे, जिससे परिवार में तनाव बना रहता था।
लापता वृद्ध का शव नाले से बरामद, केवल कंकाल ढांचा बचा
वहीं, ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मुजहना गांव से शुक्रवार शाम एक अन्य हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। यहां 12 दिनों से लापता 75 वर्षीय हीरा पुत्र मोलहु का शव गांव के पूरब स्थित नाले से बरामद हुआ। शव की हालत इतनी खराब थी कि वह पहचान योग्य नहीं था और केवल कंकालनुमा ढांचा ही बचा था।
परिजनों ने बताया कि हीरा 12 दिन पहले रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता हो गए थे। परिजनों ने हर संभव जगह उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को एक ग्रामीण ने नाले के पास चप्पल और कपड़ा देखकर ग्रामीणों को सूचित किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
पुलिस जांच में जुटी:
दोनों मामलों की सूचना पाकर थानाध्यक्ष ढेबरुआ नरायन लाल श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तुलसीराम की मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस दोनों मामलों की गहनता से जांच कर रही है।