शोहरतगढ़ में PDA पंचायत: अखिलेश यादव के कार्यकाल के पुलों और बंधों की हुई तारीफ, भाजपा सरकार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप

Zunaid Faisal

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। 7 अक्टूबर 2025 को शोहरतगढ़ विधानसभा के महरथा गांव में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पंचायत का आयोजन किया गया। इस पंचायत का नेतृत्व समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ‘मशाल’ ने किया, जहां क्षेत्रीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

​मिश्रा ने इस अवसर पर शोहरतगढ़ में नदियों पर बने बड़े पुलों को समाजवादी सरकार की देन बताया। उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्व काल में नदियों के किनारे बने बंधों की मरम्मत और देखभाल के लिए अतिरिक्त बजट का प्रावधान किया गया था, जिसे वर्तमान भाजपा सरकार ने शिथिल कर दिया है।

​उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सिंचाई विभाग भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया है, और इस भ्रष्टाचार से मुक्ति केवल समाजवादी सरकार बनने पर ही मिल सकती है।

​बैठक में उपस्थित महिलाओं और क्षेत्रवासियों ने मणेन्द्र मिश्रा को महरथा गांव के पास हो रहे कटान की समस्या से अवगत कराया और ठोकर निर्माण की लड़ाई के लिए उन्हें समर्थन पत्र भी सौंपा।

​इस महत्वपूर्ण आयोजन में शकील शाह (जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक), उमेश यादव (राष्ट्रीय सचिव), शिव रतन निषाद, मंजूर अहमद, संतोष निषाद, रामू राजभर, संजय केवट, कमलेश निषाद, संदीप साहनी सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।