📅 Published on: October 11, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी: सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत बढ़नी कस्बे की सड़कों पर इन दिनों आवारा कुत्तों और छुट्टा पशुओं का खौफ इतना बढ़ गया है कि पैदल चलने वाले और बाइक सवार राहगीरों का सुरक्षित निकलना मुश्किल हो गया है। गलियों से लेकर मुख्य मार्गों तक आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं, जो लोगों के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं।
दुर्घटनाओं में हो रहे लोग घायल:
स्थानीय निवासियों का कहना है कि ये आवारा कुत्ते अचानक सामने आकर वाहनों का पीछा करते हैं और उन्हें दौड़ाते हैं। इस वजह से कई बाइक सवार और साइकिल चालक अनियंत्रित होकर गिर चुके हैं और बुरी तरह चोटिल हुए हैं। लोगों को हर कदम पर सचेत रहना पड़ रहा है, क्योंकि ये कुत्ते कभी-कभी आक्रामक होकर हमला भी कर देते हैं। सड़क पर मंडराते छुट्टा पशु भी दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं।
नागरिकों ने प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग:
इस गंभीर समस्या से त्रस्त होकर कस्बे के नागरिकों ने बढ़नी नगर प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है। पंकज चतुर्वेदी, गोविंद, सलमान, रवि, सोनू, इनामुल्लाह, आमिर, गौतम सहित अन्य लोगों ने सामूहिक रूप से प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा है कि इन आवारा पशुओं से बचाव के लिए कोई ठोस उपाय किया जाए। नागरिकों ने मांग की है कि सड़कों पर इनके कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर तत्काल लगाम लगे, ताकि लोग निर्भीक होकर सड़कों पर चल सकें।
अधिशासी अधिकारी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन:
इस संबंध में जब नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अजय कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह मामला अभी तक उनकी जानकारी में नहीं था। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर समस्या है और इस पर शीघ्र ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस संबंध में पशु चिकित्सा अधिकारी से तत्काल वार्तालाप कर जल्द ही आवारा कुत्तों एवं छुट्टा पशुओं पर नियंत्रण की दिशा में उचित कार्रवाई की जाएगी, और नगर में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।