📅 Published on: October 23, 2025
Kapilvastupost
इटवा, सिद्धार्थ नगर। इटवा थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना 14 अक्टूबर की रात लगभग 8:30 बजे की बताई जा रही है। मंगलवार देर शाम पीड़िता के पति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के ही आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के पति द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि 14 अक्टूबर की रात उनकी 27 वर्षीय पत्नी भोजन कर सो रही थी। इसी दौरान गांव का नौशाद आलम छत के रास्ते घर में घुस आया और उनकी पत्नी के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। जब विवाहिता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के शोर मचाने पर उसकी सास मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी उन्हें धक्का देकर भागने में सफल हो गया।
घटना के बाद आरोपी ने पूरे गांव में धमकी दी कि अगर पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत की तो वह उन्हें जान से मार देगा। इसके बावजूद, पीड़िता के पति ने मंगलवार देर शाम पुलिस को तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी नौशाद आलम के खिलाफ धारा 64(1)/351(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी नौशाद आलम को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी टीम में एसआई गोपाल, अवधेश यादव और आरक्षी विकास ओझा शामिल थे।