📅 Published on: October 23, 2025
Kapilvastupost
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर): डुमरियागंज थाना क्षेत्र के तेलियाडीह गांव में स्थापित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना से बुधवार को हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और स्थानीय नेताओं ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और शांति बनाए रखने की अपील की।
यह घटना तेलियाडीह गांव के बाहर उस स्थान पर हुई जहाँ बाबा साहेब और भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित है। बुधवार की शाम करीब तीन बजे सिवान में धान की मड़ाई कर रहे लोगों की नजर क्षतिग्रस्त प्रतिमा पर पड़ी। नजदीक से देखने पर पता चला कि प्रतिमा का फाउंडेशन टूटा हुआ है और बाबा साहेब की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होकर दीवार के सहारे टिकी हुई है।
यह सूचना पूरे गांव में फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। तत्काल इसकी जानकारी डुमरियागंज पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानेदार श्रीप्रकाश यादव दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
घटना की खबर मिलते ही डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और जिम्मेदारों से बात कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने इस घटना को “बेहद निंदनीय और दुःखद” बताते हुए कहा, “बाबा साहब केवल एक नाम नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के आत्मसम्मान और अधिकारों के प्रतीक हैं। ऐसी घटनाएं समाज में नफरत फैलाने की साजिश हैं, जिन्हें कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा।”
प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि क्षतिग्रस्त फाउंडेशन को तुरंत ठीक कराने का कार्य शुरू कर दिया गया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।