📅 Published on: October 27, 2025
Nizam Ansari
सिद्धार्थनगर।
जनपद सिद्धार्थनगर के थाना क्षेत्र मोहाना में पुलिसकर्मियों की बर्बरता का शिकार हुए छात्र रजनीश पटेल को न्याय दिलाने की मांग तेज हो गई है। अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष श्याम सुन्दर चौधरी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर दोषी पुलिसकर्मियों की तत्काल गिरफ्तारी और छात्र के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
सिद्धार्थनगर से सरताज आलम की रिपोर्ट के अनुसार, 22 अक्टूबर 2025 को मोहाना थाना क्षेत्र के चम्पा चौधरी निवासी रजनीश पटेल मां लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम में शामिल थे। आरोप है कि मोहाना थाना पुलिसकर्मियों ने बिना किसी कारण के इस होनहार छात्र को बर्बरतापूर्वक मारा-पीटा और मरणासन्न स्थिति में सड़क किनारे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र रजनीश पटेल इस समय जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
सीएम को भेजे पत्र में प्रमुख मांगें:
दोषियों की गिरफ्तारी: जिलाध्यक्ष श्याम सुन्दर चौधरी ने पत्र में सीएम को अवगत कराया है कि जनाक्रोश को देखते हुए कुछ पुलिसकर्मियों को निलंबित तो कर दिया गया है, लेकिन अभी तक दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने मांग की है कि दोषी पुलिस कर्मियों को गंभीर धाराओं में आरोपित/गिरफ्तार कर तत्काल जेल भेजा जाए।
पीड़ित परिवार की सुरक्षा: मुकामी पुलिस से पीड़ित परिजनों की सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें डरा-धमकाकर मामले की लीपा-पोती न होने पाए।
समुचित इलाज: गंभीर रूप से घायल छात्र रजनीश पटेल के समुचित इलाज की पूरी व्यवस्था उत्तर प्रदेश शासन द्वारा की जाए।
अपना दल (एस) जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर चौधरी ने कहा है कि एक निर्दोष छात्र के साथ हुई पुलिस की बर्बरता से पूरे जनपद में जनाक्रोश है। दोषी पुलिस कर्मियों की गिरफ्तारी न होने से जनपद में पुलिस के प्रति भय और आक्रोश फैल रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है। संगठन ने सीएम से तत्काल हस्तक्षेप कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।