पकड़िहवा में जिलाधिकारी ने किया ग्राम चौपाल का आयोजन, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं

गुरू जी की कलम से

सिद्धार्थनगर, 14 नवम्बर 2025।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में विकास खंड बढ़नी के अंतर्गत ग्राम पंचायत पकड़िहवा में ग्राम चौपाल—गांव की समस्या, गांव में समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उनकी समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीणों से पूछा कि क्या उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से पहुंचे।

उन्होंने अधिकारियों को आयुष्मान भारत कार्ड बनवाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को पांच लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा मिल सके। साथ ही उन्होंने किसानों से संबंधित शिकायतों और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना व किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश भी दिए।

राशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, वरासत के प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

मतदाता सूची के प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य के तहत सभी ग्रामीणों से अनुरोध किया गया कि वे बीएलओ से गणना प्रपत्र लेकर भरें और वापस जमा करें, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल हो सकें।जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कर पेंशन का लाभ देने पर बल दिया।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि योजनाओं में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ विवेकानंद मिश्रा, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, डी डी ओ सतीश सिंह, बीडीओ बढ़नी अनिशी मणि पांडेय , ए पी ओ शाहिद सिराज , ग्राम प्रधान अनिल कुमार मिश्रा ,एम ओ आई सी अविनाश चौधरी , पी एम आवास योजना के इंजीनियर दिनेश्वर कुमार सिंह सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।