📅 Published on: November 15, 2025
नियमतुल्लाह खान
त्रिलोकपुर/सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के सिकौथा पूरब डीह गांव में शुक्रवार की सुबह धान कुटवाते समय एक हृदयविदारक हादसा हो गया। धान कुटवाने वाली मशीन (ट्रैक्टर चालित) में साड़ी फंसने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसर गया है, वहीं मृतका के घर चीख-पुकार मची हुई है।
दर्दनाक हादसा
सिकौथा पूरब डीह गांव निवासी पूनम (40) शुक्रवार सुबह घर के पास ही खेत में लगी धान कुटवाने वाली मशीन के पास गई थीं। उनके पति राम आशीष वर्मा ने बताया कि पूनम मशीन में गिरा धान समेट रही थीं कि अचानक उनकी साड़ी मशीन के रोलर में फंस गई। यह इतनी तेजी से हुआ कि वह पल भर में मशीन की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
आसपास के लोगों ने पूनम की चीख सुनकर तुरंत मशीन को बंद कराया और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मशीन से बाहर निकालने तक पूनम की मौत हो चुकी थी।
चार छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। त्रिलोकपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर रामदेव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मृतका पूनम अपने पीछे चार छोटे बच्चे सूरज (12), सचिन (10), रितेश (8) और बेटी अनूपा (6) को छोड़ गई हैं। मासूम बच्चे मां के लिए रोते-रोते बेसुध हो रहे हैं, जिससे परिजनों का भी हाल खराब है। इस दुखद घटना से पूरे गांव में गहरा शोक है।