📅 Published on: November 22, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर/लोटन:
जिले के लोटन कोतवाली क्षेत्र में घरेलू हिंसा का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। 17 नवंबर की रात पति द्वारा की गई बर्बर पिटाई के बाद विवाहिता मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है।
प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट, डॉक्टर भी चिंतित
महाराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र की रहने वाली इस महिला की हालत इतनी गंभीर है कि डॉक्टर भी चिंता में हैं। पति ने लाठी-डंडों से मार-मारकर महिला के अंदरूनी अंगों (प्राइवेट पार्ट) को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है।
मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, अंदरूनी हिस्से में डंडे की चोट से इतनी भीषण सूजन आ गई है कि डॉक्टरों को पेशाब की नली (Catheter) लगाने में भी सफलता नहीं मिल पा रही है। डॉक्टरों की टीम का कहना है कि अगर पेशाब पूरी तरह बंद हो गया, तो संक्रमण और किडनी पर असर पड़ने से महिला की जान को खतरा और बढ़ जाएगा। फिलहाल, डॉक्टरों की पहली प्राथमिकता अंदरूनी सूजन को कम करना है।
शरीर पर नहीं बची कोई जगह, हड्डियां टूटीं
हैवान पति ने अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटा है। पिटाई का आलम यह है कि महिला का बायां हाथ और दाहिना कंधा टूट चुका है। चेहरा पूरी तरह से काला पड़ गया है। एक आंख पर गंभीर चोट है। कान और मुंह से खून आने की पुष्टि हुई है, जिससे उसे सुनने में भी दिक्कत हो रही है।
बोलने में असमर्थ है पीड़िता
मारपीट के दौरान हुए आघात और दर्द के कारण महिला अभी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। वह मेडिकल कॉलेज के बेड पर अचेत अवस्था में पड़ी है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना: 17 नवंबर की रात, लोटन कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है।लोटन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पति के खिलाफ पहले ही केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मायके पक्ष के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपी के लिए सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।