📅 Published on: November 29, 2025
Kapilvastupost
शोहरतगढ़।शिवपति इंटर कॉलेज शोहरतगढ़ के प्रांगण में शुक्रवार को तहसील स्तरीय दिव्यांग क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें ब्लॉक शोहरतगढ़, बढ़नी व आंशिक ब्लॉक जोगिया, बर्डपुर के दिव्यांग छात्र- छात्राओं ने सौ मीटर दौड़, कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़, रस्सा खींच, चित्रकला आदि अलग-अलग प्रतियोगिताओं में भागीदारी निभाई। प्रतियोगिता का शुभारंभ शिवपति इंटर कालेज प्रधानाचार्य विक्रम प्रसाद यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप जलाकर व माल्यार्पण कर किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए सभी का संयुक्त प्रयास होना चाहिए। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे इसके लिए सभी को मिलजुलकर कार्य करने की आवश्यकता है। बिना किसी भेदभाव के बच्चों को शिक्षा दिलाना हर व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है।
बालक वर्ग 100 मी दौड़ प्रतियोगिता में मनजीत प्रथम, शाहीद रजा द्वितीय और विजय तृतीय स्थान पर रहे जबकि बालिका वर्ग में कुसुम प्रथम स्थान पूजा द्वितीय और अंबिका तृतीय स्थान पर रही। कुर्सी दौड़ में शाहीद रजा प्रथम, विजय द्वितीय और कुसुम को तीसरा स्थान हासिल हुआ।
इसी तरह जलेबी दौड़ में आकाश प्रथम, अमित द्वितीय और सूरज तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान विशिष्ट अतिथि माध्यमिक शिक्षक संघ जिला अध्यक्ष रामविलास यादव, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक मुस्तन शेरुल्लाह, स्पेशल एजुकेटर जितेंद्र ,राम भारत, अभिषेक कुमार , इंद्रजीत, बाबूलाल, वीरेंद्र उपाध्याय, पवन कुमार यादव आदि लोग उपस्थित रहे।