📅 Published on: December 4, 2025
डॉक्टर पर गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज, युवती की हालत गंभीर
Kapilvastupost
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। गलत ऑपरेशन के गंभीर आरोपों के बाद जनता हॉस्पिटल एवं फ्रैक्चर सेंटर गौहनियां को बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया। अस्पताल प्रशासन मरीज के इलाज से जुड़े किसी भी दस्तावेज को प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
मामला जोगिया थाना क्षेत्र के पारा नानकार निवासी अविनाश मिश्रा की बहन मीना उर्फ तुलसी देवी के ऑपरेशन से जुड़ा है। पीड़ित परिजनों का कहना है कि युवती के गुर्दे में पथरी थी, जिसका ऑपरेशन उक्त अस्पताल में किया गया था। आरोप है कि प्रभाकर मणि त्रिपाठी अपने आपको सर्जन बताकर लेजर विधि से ऑपरेशन का दावा करते थे, लेकिन ऑपरेशन के दौरान गलत चीरफाड़ कर दी गई।
ऑपरेशन की लापरवाही के चलते युवती की पेशाब की नली की नस कट गई, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।
बुधवार को एसीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार, सीएचसी अधीक्षक डॉ. ए.के. आज़ाद और मेडिकल कॉलेज के सर्जन डॉ. आशिष कुमार त्रिपाठी की तीन सदस्यीय टीम ने अस्पताल की जांच की।
इलाज से जुड़ी फाइलें, रजिस्टर और अन्य जरूरी कागजात उपलब्ध न होने पर अस्पताल को सील कर दिया गया।
पीड़ित परिवार ने कठोर कार्रवाई की मांग की है, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।