📅 Published on: January 4, 2026
Kapilvastupost
लोकेशन: सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के कस्बा हल्लौर में आज इमाम हजरत अली अलैहिस्सलाम के जन्मदिवस (13 रजब) के शुभ अवसर पर ‘अली डे’ बड़े ही धूमधाम और अकीदत के साथ मनाया गया। दोपहर 2 बजे हल्लौर जामा मस्जिद से जुलूस का आगाज हुआ, जिसमें सैकड़ों की संख्या में जायरीन शामिल हुए।
सैकड़ों वाहनों का काफिला पहुँचा डुमरियागंज
जुलूस में अकीदतमंदों का उत्साह देखने लायक था। लोग अपनी कारों, मोटरसाइकिल और अन्य निजी साधनों के साथ काफिले के रूप में डुमरियागंज पहुंचे। पूरा मार्ग ‘या अली’ के नारों से गुंजायमान रहा। जाफर मार्केट और डुमरियागंज-बस्ती मार्ग पर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया।
सत्ता की चकाचौंध से दूर, सादगी की मिसाल थे हजरत अली
डाक बंगला के सामने आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मौलाना जमाल हैदर साहब ने हजरत अली अलैहिस्सलाम के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
हजरत अली अलैहिस्सलाम के पास बादशाहत और ताकत होते हुए भी उन्होंने अपना जीवन बेहद सादगी और सामान्य तरीके से व्यतीत किया। उन्होंने दुनिया को सिखाया कि सत्ता की चकाचौंध में खोने के बजाय सच्चाई, ईमानदारी और इंसानियत के रास्ते पर चलना ही सबसे बड़ी कामयाबी है। मौलाना जमाल हैदर
प्रशासनिक मुस्तैदी और सुरक्षा व्यवस्था
कार्यक्रम की संवेदनशीलता और भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। डुमरियागंज थाने की पुलिस अपने पूरे दल-बल के साथ जुलूस के साथ मौजूद रही, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।