📅 Published on: February 18, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर (शोहरतगढ़): इस्लाम धर्म के सबसे पवित्र महीने ‘रमजान-उल-मुबारक’ के आगाज के साथ ही चारों तरफ इबादत और दुआओं का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच जनपद सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत रमवापुर के ग्राम प्रधान और प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष जफर आलम ने क्षेत्रवासियों को रमजान की मुबारकबाद देते हुए इंसानियत और भाईचारे का एक बेहद भावुक और प्रेरक संदेश साझा किया है।
जफर आलम ने अपनी अपील में कहा कि रमजान केवल इबादत का ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति संवेदनशीलता और हमदर्दी दिखाने का भी महीना है। उन्होंने क्षेत्र के सभी सक्षम लोगों से गुजारिश की है कि वे अपने पड़ोसियों और गरीब भाइयों का विशेष ख्याल रखें।
“कोई भी भाई सहरी और इफ्तार से महरूम न रहे”
ग्राम प्रधान ने बड़े अदब के साथ यह अपील की है कि अगर किसी भी परिवार को रमजान के दौरान आर्थिक या अन्य किसी भी प्रकार की समस्या हो, तो पड़ोसी उनकी मदद जरूर करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि:
> “अगर आपसे मदद संभव न हो, तो तुरंत इसकी सूचना हमें दें। इंशाल्लाह, हमसे जो भी बन पड़ेगा, हम पूरी कोशिश करेंगे कि हमारे क्षेत्र में किसी भी भाई को इस पाक महीने में कोई दिक्कत न हो।”
>
दुआओं और नेक अमल पर जोर
जफर आलम ने अल्लाह पाक से दुआ की है कि इस मुकद्दस महीने में सभी की रोजे, नमाज और इबादतें कबूल हों और सभी के गुनाह माफ किए जाएं। उनके इस नेक पहल की पूरे शोहरतगढ़ ब्लॉक में सराहना हो रही है। लोग इसे सामाजिक एकता और इंसानियत की एक बड़ी मिसाल मान रहे हैं।