बसपा सरकार में ही संभव है गरीबों का उत्थान, कार्यकर्ता ‘बूथ मजबूत’ अभियान में जुटें: दिनेश चन्द्र गौतम

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर/बांसी: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के दिशा-निर्देश पर प्रदेश भर में ‘बूथ करो मजबूत’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बांसी विधानसभा के सेखुईया और एकडेगवा में बूथ गठन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

समतामूलक समाज के लिए बसपा जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बसपा जिलाध्यक्ष दिनेश चन्द्र गौतम ने कहा कि बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर के सपनों को साकार करने और एक समतामूलक समाज की स्थापना के लिए 2027 में बसपा की सरकार बनाना अनिवार्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल बसपा शासन में ही गरीबों का वास्तविक उत्थान संभव है। कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता को बसपा सरकार के ऐतिहासिक कार्यों से अवगत कराए।

महंगाई और कानून व्यवस्था पर घेरा
पूर्व जिला महासचिव शमीम अहमद ने वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में महंगाई चरम पर है और लूट-डकैती जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं। कानून का इकबाल खत्म हो गया है। अहमद ने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब पांचवीं बार बहन जी (मायावती) को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है और सभी जाति-धर्म के लोग बसपा की ओर आशा भरी नजरों से देख रहे हैं।
इनकी रही मौजूदगी
बूथ गठन के दौरान संगठन को धार देने के लिए रणनीतियों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर महासचिव विनोद कुमार राव, सेक्टर अध्यक्ष कैसराम, सुदामा प्रसाद, हरीराम गौतम, छोटे लाल, राम अजोरे, राम बिरिक्ष निषाद सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।