📅 Published on: February 20, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के चीताही नहर के समीप शुक्रवार सुबह एक नरकंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुँची पुलिस ने पास में मौजूद कपड़ों और आधार कार्ड के जरिए मृतक की पहचान की, जिससे पिछले दो सप्ताह से चल रही गुमशुदगी की गुत्थी सुलझ गई।
शादी समारोह से घर लौटते वक्त हुए थे लापता
मृतक की पहचान डुमरियागंज थाना क्षेत्र के धनोरी गांव निवासी 60 वर्षीय जवाहिर गौतम के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि जवाहिर पेशे से बैंड वादक थे। बीते 5 फरवरी को वह भड़रिया गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में बैंड बजाने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने काफी खोजबीन की और थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम
ग्रामीणों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव काफी पुराना होने के कारण केवल कंकाल ही शेष बचा था। पुलिस ने साक्ष्यों को कब्जे में लेकर कंकाल को पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
“प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हम हत्या और दुर्घटना, दोनों पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।” — पुलिस प्रशासन
पुलिस अब उन लोगों और साथियों से पूछताछ कर रही है जो उस रात वैवाहिक कार्यक्रम में जवाहिर के साथ थे, ताकि मौत की कड़ियों को जोड़ा जा सके।