📅 Published on: February 20, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थ नगर। अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन (ABPA) की जिला इकाई द्वारा जनपद के नवनियुक्त ड्रग इंस्पेक्टर श्री आलोक कुमार त्रिवेदी का भावभीनी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जिला अध्यक्ष आशीष पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर के फार्मासिस्टों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी भूमिका को लेकर चर्चा की।
फूल-मालाओं से हुआ स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने नए ड्रग इंस्पेक्टर को पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस दौरान फार्मासिस्टों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि नए अधिकारी के आने से जिले की औषधि व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार आएगा।
फार्मासिस्टों की समस्याओं पर सार्थक संवाद
औपचारिक स्वागत के बाद एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिला अध्यक्ष आशीष पाण्डेय ने फार्मासिस्टों के सामने आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और उनके हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को ड्रग इंस्पेक्टर के समक्ष रखा।
इस दौरान मुख्य अतिथि आलोक कुमार त्रिवेदी (ड्रग इंस्पेक्टर) ने कहा फार्मासिस्ट स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता और नियमों का पालन सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी ईमानदार फार्मासिस्ट का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा, बशर्ते सभी मानक पूरे किए जाएं।
आशीष पाण्डेय (जिला अध्यक्ष) ने कहा संगठन का मुख्य उद्देश्य फार्मासिस्टों के सम्मान की रक्षा करना है। आज ड्रग इंस्पेक्टर महोदय के साथ हुई वार्ता सकारात्मक रही है। हमें विश्वास है कि उनके मार्गदर्शन में जिले के फार्मासिस्ट निर्भीक होकर जनसेवा कर सकेंगे।
इस अवसर पर संगठन की मजबूती को दर्शाते हुए भारी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे वरिष्ठ नेतृत्व: जिला संरक्षक अनिल गुप्ता और तौहीद खान।
जिला कार्यकारिणी: महासचिव विकास उपाध्याय, सचिव सौरभ पाण्डेय, महामंत्री कौलेश्वर चौबे, मंत्री दिनेश प्रजापति, मीडिया प्रभारी शुभम चतुर्वेदी।
अन्य पदाधिकारी: उपाध्यक्ष आशुतोष चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष विकास खटीक, प्रवक्ता शोभनाथ चौधरी और संगठन मंत्री दिनेश कुमार।
तहसील व ब्लॉक स्तर: तहसील अध्यक्ष शोहरतगढ़ प्रभु दयाल शर्मा, तहसील अध्यक्ष नौगढ़ रत्नेश पांडे, और ब्लॉक अध्यक्ष शोहरतगढ रिंकू चौधरी।
अंत में, जिला महासचिव विकास उपाध्याय ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।