सिद्धार्थनगर: जमुआर घाट के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिरा टेम्पो, 5 यात्री गंभीर रूप से घायल

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर जिले के सोहांस-नौगढ़ मार्ग पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जमुआर घाट के पास एक तेज रफ्तार टेम्पो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरी खाई में पलट गया। इस हादसे में टेम्पो सवार पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों ने दिखाया साहस
हादसा शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेम्पो की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे घायलों को बाहर निकाला।

घायलों की स्थिति और पुलिस कार्रवाई
घायलों की पहचान सुनील, नैनमती, अफ़ज़ल और सुमित के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सिद्धार्थनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल भेज दिया था।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।