स्वास्थ्य मंत्रालय की हाई-प्रोफाइल ओवरसाइट कमेटी में श्रीधर पांडेय का दबदबा बरकरार, पुनः चुने गए सदस्य

देवेन्द्र श्रीवास्तव
उसका बाजार (सिद्धार्थनगर): जनपद के समाजसेवी और स्वास्थ्य क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले श्रीधर पांडेय ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है। भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने टीबी, एचआईवी और मलेरिया जैसे गंभीर रोगों के उन्मूलन कार्यक्रमों की निगरानी के लिए गठित ‘ओवरसाइट कमेटी’ में उन्हें पुनः सदस्य के रूप में नियुक्त किया है।
2028 तक संभालेंगे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
गौतम बुद्ध जागृति समिति के सचिव श्रीधर पांडेय का यह चयन अप्रैल 2026 से मार्च 2028 तक की दो वर्षीय अवधि के लिए किया गया है। मंत्रालय द्वारा गठित इस 10 सदस्यीय शक्तिशाली कमेटी का मुख्य कार्य “द ग्लोबल फंड टू फाइट एड्स, ट्यूबरक्लोसिस एंड मलेरिया” (GFATM) द्वारा संचालित कार्यक्रमों की पारदर्शिता, सतत निगरानी और मूल्यांकन सुनिश्चित करना है।
अनुभव और सक्रियता का मिला प्रतिफल
उल्लेखनीय है कि श्री पांडेय वर्ष 2019 से ही स्वास्थ्य मंत्रालय के अंतर्गत इंडिया कंट्री कोऑर्डिनेशन मैकेनिज्म (CCM) और ओवरसाइट कमेटी के सक्रिय सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके गहन जमीनी अनुभव और पिछले वर्षों के उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए मंत्रालय ने उन पर लगातार दूसरी बार भरोसा जताया है।
क्षेत्र में हर्ष की लहर
श्री पांडेय के पुनः चयन पर सिद्धार्थनगर के सामाजिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने इसे क्षेत्र के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। लोगों का विश्वास है कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का क्रियान्वयन और अधिक प्रभावी ढंग से होगा, जिससे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।