सिद्धार्थनगर: बिना डॉक्टर और रजिस्ट्रेशन के चल रहा था अल्ट्रासाउंड सेंटर, प्रशासन ने मारा छापा, केंद्र सील

Kapilvastupost
इटवा, सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध स्वास्थ्य केंद्रों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इटवा तहसील क्षेत्र के बढ़या चौराहे पर संचालित ‘हिंदुस्तान अल्ट्रासाउंड सेंटर’ पर छापेमारी कर उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।

बिना वैध दस्तावेजों के हो रहा था संचालन
जानकारी के अनुसार, जिला नोडल अधिकारी डॉ. मानवेंद्र पाल सिंह, तहसीलदार इटवा अजय कुमार और खुनियांव सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीएन यादव की संयुक्त टीम ने जब सेंटर पर दस्तक दी, तो वहां हड़कंप मच गया। जांच के दौरान सेंटर के पास संचालन का कोई वैध पंजीकरण (Registration) नहीं पाया गया।

मौके से फरार हुआ कर्मचारी
हैरानी की बात यह है कि छापेमारी के वक्त सेंटर पर कोई भी अधिकृत डॉक्टर मौजूद नहीं था। टीम को देखते ही अल्ट्रासाउंड करने वाला व्यक्ति मौके से फरार हो गया। डॉ. पीएन यादव ने पुष्टि की कि सेंटर पूरी तरह अवैध पाया गया है और मौके पर कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
अवैध केंद्रों पर जारी रहेगी कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों ने सख्त लहजे में कहा है कि क्षेत्र में किसी भी अवैध अस्पताल या अल्ट्रासाउंड सेंटर को संचालित नहीं होने दिया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे केंद्रों के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।